गोपालगंज।
मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव में संपत्ति विवाद को लेकर भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर चाकू और कुदाल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दानापुर गांव निवासी अमरेंद्र यादव पेशे से ट्रक चालक हैं और अधिकतर समय बाहर रहते हैं। बुधवार की सुबह जब वह घर पहुंचे तो संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि घर में रहने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने आपा खोते हुए अमरेंद्र यादव पर चाकू और कुदाल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को पहले मांझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
