जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बिहार इनवेस्टर मीट, गोपालगंज 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक, श्रम अधीक्षक, कृषि, उद्यान, ईख, उद्योग तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी सहित बियाडा प्रतिनिधि और कई उद्यमी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। उद्यमियों ने क्रमवार अपना परिचय जिलाधिकारी को दिया। इसके बाद महाप्रबंधक ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से उद्योग विभाग की नीतियों, संचालित योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। बियाडा प्रतिनिधि ने जिले में उपलब्ध भूमि तथा औद्योगिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

उद्यमियों ने अपनी-अपनी समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश मुद्दों का तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया तथा कुछ मामलों में लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया। अधिकांश समस्याएँ बिजली विभाग से संबंधित थीं, जिन्हें मीरगंज के कार्यपालक अभियंता ने एक–दो दिनों में समाधान करने का आश्वासन दिया।

उप विकास आयुक्त ने उद्यमियों की सुविधा के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया, ताकि वे अपनी समस्याएँ सीधे साझा कर सकें। साथ ही उद्यमियों से आग्रह किया गया कि वे बिहार की औद्योगिक नीति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी नए निवेशकों तक पहुँचाएँ और जिले में निवेश को प्रोत्साहित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उद्योग केंद्र प्रत्येक स्टेकहोल्डर एवं उद्यमियों के आवेदन प्राप्त कर समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक 15 दिनों पर बैठक आयोजित करे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ इनवेस्टर मीट का समापन हुआ।