गोपालगंज में भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर बड़ी पहल की गई है। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल रूप दिया गया है, जिसमें नागरिक खुद अपने घर की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से भर सकते हैं। इस नई व्यवस्था की शुरुआत जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने स्वयं अपने आवास की स्वगणना कर की।
प्रशासन के अनुसार सेल्फ एन्यूमरेशन यानी स्वगणना के लिए पोर्टल 1 मई तक खुला रहेगा। इस दौरान नागरिक 34 प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी पारिवारिक और आवासीय जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 2 मई से प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। यह जनगणना का पहला चरण होगा, जिसमें मकानों की गणना की जाएगी।
डीएम ने कहा कि डिजिटल जनगणना से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और सरल बनेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी सही जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर इस अभियान को सफल बनाएं।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि लोगों को स्वगणना के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही सरकारी कर्मचारियों को 4 से 5 दिनों के भीतर अपने घर की स्वगणना पूरी करने का निर्देश दिया गया है। जीविका समूहों और शिक्षकों के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर प्रगणक और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहली बार है जब जनगणना ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी की जा रही है, जिससे डेटा संग्रहण और निगरानी दोनों अधिक प्रभावी हो सकेगी।
