गोपालगंज शहर के बंजारी मोड़ के पास स्थित एक दवा दुकान पर औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया है। यह छापेमारी जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद की गई, जिसमें नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की भारी मात्रा पकड़ी गई।
छापेमारी के दौरान मुमताज मेडिकल स्टोर से 496 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य संदिग्ध सिरप बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 875 एविल इंजेक्शन भी जब्त किए गए। टीम ने जब दुकानदार से इन दवाओं के खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद सभी दवाओं को तत्काल जब्त कर लिया गया।
औषधि निरीक्षक अभय शंकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इस दुकान से नशे के आदी लोगों को प्रतिबंधित दवाएं बेची जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दुकान से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे नगर थाना पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई हो रही है और लोगों से भी सहयोग की अपील की जा रही है
