गोपालगंज में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारी को निशाना बनाया है। इस बार अपराधियों ने जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों को जोड़ने और उनसे संपर्क करने की कोशिश की है। इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से लोगों को मैसेज भेजकर बातचीत शुरू की जा रही है, जिससे ठगी की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही डीएम ने तत्काल जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फर्जी अकाउंट बनाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में तत्कालीन डीएम नवल किशोर चौधरी के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की जा चुकी है। उस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने आम लोगों से अपील की है कि वे उनके नाम से बने किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट से सावधान रहें। यदि कोई फर्जी अकाउंट से मैसेज करता है या पैसे की मांग करता है तो उसका जवाब न दें और तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।
प्रशासन ने साफ किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन लोगों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है ताकि किसी भी प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
