गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को व्यवहार न्यायालय के नए भवन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्रीमती गीता गुप्ता ने की। इस दौरान न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रधान न्यायाधीश ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने न्यायालयों से अधिक से अधिक सुलहनीय प्रकृति के मामलों की पहचान करें। साथ ही, पारा लीगल वॉलंटियर के माध्यम से चिन्हित मामलों में जल्द से जल्द नोटिस तैयार कर उन्हें थानों के जरिए तामील कराने की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि संबंधित मामलों में पक्षकारों के बीच प्री-सिटिंग कराई जाए, ताकि लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

इस बैठक में संजीव कुमार सिंह, कैलाश जोशी, राजेंद्र कुमार पांडेय, अखौरी अभिषेक सहाय, राजेश कुमार वर्मा समेत अन्य जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनूप कुमार उपाध्याय सहित कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने न्यायालयों से अधिकाधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे, जिससे लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।