गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब सात वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पर मारपीट कर हत्या का प्रयास करने और सोने की चेन लूटने का गंभीर आरोप है।
मामला वर्ष 2019 का है, जब मांझागढ़ थाना क्षेत्र के माघी निमुइया गांव निवासी रामजी सहनी के साथ मारपीट कर हत्या का प्रयास किया गया था और उनकी सोने की चेन भी लूट ली गई थी। इस घटना के बाद रामजी सहनी की पत्नी बबिता देवी ने लालबाबू सहनी सहित सात लोगों के खिलाफ मांझागढ़ थाना कांड संख्या 194/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी लालबाबू सहनी पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच मांझागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सिधवलिया थाना क्षेत्र के लोहजीरा गांव में छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी है और ऐसे अपराधियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
