गोपालगंज। आज दिनांक 20 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी के प्रतीकोष्ठ में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित, पारदर्शी और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना रहा।

जनता दरबार में अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। सिधवलिया प्रखंड के मोहम्मदपुर गांव निवासी रहमत मियां ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं मंझा प्रखंड के कोइनी गांव की लखिया देवी ने भी भूमि विवाद का मामला रखा। इसी क्रम में मंझा प्रखंड निवासी अजीज मियां ने इंदिरा आवास से जुड़ी समस्या से जिला प्रशासन को अवगत कराया। कुचायकोट प्रखंड के तिवारी मैथिहिनिया गांव निवासी राहुल कुमार (38 वर्ष) ने भी भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया।

जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय तथा विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और जिला पदाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद और आवास से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अंचल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को स्थलीय जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।