गोपालगंज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महज तीन वर्षों के भीतर एक के बाद एक तीन शादियां कर लीं। हैरानी की बात यह है कि तीनों पत्नियां लंबे समय तक एक-दूसरे से अनजान रहीं। दो पत्नियों की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के गौरूप समईल गांव का है।
सीवान जिले के गोरिया कोठी की रहने वाली 24 वर्षीय गुड़िया कुमारी ने बताया कि उनकी शादी अप्रैल 2024 में मीरगंज निवासी पिंटू बरनवाल से हुई थी। शादी के समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनके पति पहले से शादीशुदा हैं। बाद में पता चला कि पिंटू ने बिना तलाक के तीसरी शादी भी कर ली है। इस पर गुड़िया ने मीरगंज थाने में पति, उसकी मां और बहन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
वहीं पहली पत्नी खुशबू उर्फ अमृता ने आरोप लगाया कि उनकी शादी वर्ष 2022 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में दिए गए दहेज के बावजूद पति ने अतिरिक्त नकद और कार की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। उन्होंने एफआईआर में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पति ने आपत्तिजनक हरकतें कीं और बाद में तीसरी शादी भी कर ली।
दोनों पत्नियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं आरोपी पति ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने दहेजमुक्त विवाह किया और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण तीसरी शादी की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगी।
