शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के सरकारी प्रयासों के बीच मांझागढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 192 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के संतपुर गांव निवासी अनिल प्रसाद का पुत्र करण कुमार अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान घर में पुआल के भीतर छिपाकर रखी गई 192 बोतल ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से आरोपी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब के धंधे में मुनाफा अधिक होने के कारण तस्कर इस कारोबार से पीछे नहीं हट रहे हैं। लोगों का मानना है कि पहले शराब सरकारी भट्ठियों से बिकती थी, जिससे सरकार को राजस्व प्राप्त होता था, लेकिन शराबबंदी लागू होने के बाद अवैध बिक्री बढ़ गई है और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

हालांकि लोगों का यह भी कहना है कि शराबबंदी लागू होने के बाद सड़कों और गांवों में खुलेआम शराब पीकर हंगामा करने की घटनाओं में कमी आई है। बावजूद इसके, चोरी-छिपे महंगे दामों पर शराब की बिक्री जारी है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।