जिले के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर परिसर में 17 दिसंबर को हुई भीषण चोरी की घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। शेष बचे फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। यह जानकारी गुरुवार को थावे मंदिर पहुंचे पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने दी।

एसपी विनय तिवारी ने योगदान देने के 24 घंटे के भीतर थावे मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना के बाद तत्कालीन एसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से मामले की गहन जांच लगातार जारी है।

एसपी ने कहा कि शहर के अरार मोहल्ला निवासी शरीफ साई समेत अन्य फरार आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मां भवानी के चोरी हुए जेवर अभी बरामद नहीं हो सके हैं, लेकिन पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

इसके साथ ही एसपी विनय तिवारी ने जिले में सक्रिय शराब तस्करों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और अवैध जमीन कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की इस सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।