मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। इस मौके पर जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा अधिकारियों के साथ थावे मंदिर पहुंचे और मां थावे भवानी की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया। महाप्रसाद पाकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। मकर संक्रांति के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु थावे मंदिर पहुंचे थे, जिसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी, सदर एसडीओ अनिल कुमार सहित जिले के कई वरीय और कनिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मां थावे भवानी के दरबार में माथा टेका और पूजा में सहभागिता निभाई। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि मकर संक्रांति आस्था, विश्वास और सामाजिक समरसता का पर्व है। ऐसे अवसरों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने थावे मंदिर प्रबंधन और प्रशासनिक टीम की व्यवस्थाओं की सराहना भी की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
