जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत दहीभत्ता गांव के बाजार में गुरुवार को पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों से कुल सात लोग घायल हो गए। मारपीट के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो गुटों के युवक पूर्व के विवाद को लेकर दहीभत्ता बाजार पहुंचे थे और आपस में मारपीट करने लगे। इसी दौरान मारपीट रोकने के लिए एक मार्केट के मालिक बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन युवक उनसे ही भिड़ गए और उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। यह देख बाजार में मौजूद अन्य दुकानदार और लोग आक्रोशित हो गए और युवकों को घेरकर मारपीट कर दी। बाद में उन्हें एक दुकान के भीतर बंद कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मारपीट के मामले में पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मारपीट में घायल लोगों में दहीभत्ता तकिया टोला निवासी आसिफ अली, आबिद सैफी, वारिस अली, आजम सैफी, नगर थाना क्षेत्र के इंदरवा रफी गांव निवासी हुसैन मुराद, नूर आलम, शौकत अली और अशोक कुमार यादव शामिल हैं।

उचकागांव थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से मिली जानकारी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।