गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने की। बैठक में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, बैकुंठपुर विधायक मिथलेश तिवारी, बरौली विधायक मनजीत सिंह और जिला परिषद अध्यक्ष अमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। रेलवे विभाग ने सासामुसा से तुर्कहा होते हुए गोपालगंज स्टेशन को जोड़ने वाली नई रेलवे लाइन के कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। सांसद ने इसे जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों का लंबित वेतन शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंचायत स्तर पर सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के तहत प्रत्येक पंचायत में विवाह भवन के लिए भूमि चिन्हित करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यालयों तक संपर्क पथ, उच्च शिक्षा, ग्रामीण विकास सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।