देवरिया। नगर क्षेत्र के नागरिक अब स्वयं अपने मकानों का गृहकर निर्धारित करेंगे। नगर पालिका परिषद देवरिया ने स्वकर निर्धारण व्यवस्था के तहत एक और अवसर दिया है। निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं करने वाले नागरिकों के मकानों का सर्वे नगर पालिका स्वयं कराएगी, जिसके बाद किसी प्रकार की सुनवाई नहीं होगी।

नगर पालिका परिषद के पुराने क्षेत्र में लगभग 40 हजार मकान हैं, जिनमें से करीब आधे ही गृहकर व जलकर जमा कर रहे हैं। वह भी पुराने कर नियमों के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। अब स्वकर व्यवस्था के अंतर्गत मकान मालिक स्वयं अपने मकान का क्षेत्रफल बताकर उसके अनुसार कर निर्धारण करेंगे और नगर पालिका को आवेदन देंगे। इसके आधार पर ही कर वसूली की जाएगी।

इसके लिए नगर पालिका द्वारा 19 जनवरी से 19 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर पालिका कार्यालय परिसर में वार्डवार टेबल लगाई जाएंगी, जहां प्रत्येक टेबल पर दो से तीन कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। कर्मचारी मौके पर ही स्वकर आवेदन का परीक्षण कर गृहकर व जलकर जमा कराएंगे।

अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद नगर पालिका विशेष सर्वे अभियान चलाएगी। जिन मकानों ने स्वकर के तहत कर जमा नहीं किया होगा, उनका सर्वे कर क्षेत्रफल के अनुसार नियमानुसार कर निर्धारित कर नोटिस जारी किया जाएगा।

नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्र में शामिल 23 गांवों को आठ नए वार्डों में बांटा गया है। इन क्षेत्रों में अब तक गृहकर व जलकर नहीं लिया गया है। नगर पालिका द्वारा यहां सरकारी व गैर सरकारी मकानों का सर्वे तेजी से कराया जा रहा है, जिसके बाद इन पर भी टैक्स लगाया जाएगा।

नई कर नीति से नगर पालिका के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक कर वसूला जा चुका है, जिससे नगर क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे।