देवरिया। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में शनिवार की सुबह सवारी भरने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने रोडवेज चालक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित चालकों व परिचालकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, देवरिया से गोरखपुर रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की बस स्टेशन परिसर में सवारियां भर रही थी। इसी दौरान एक अनुबंधित बस के मालिक का बेटा वहां पहुंचा और सवारी भरने को लेकर अजना गांव निवासी संविदा चालक अनूप प्रजापति से उलझ गया। कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवक अपने वाहन से लोहे की रॉड लाया और अनूप प्रजापति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी चालक व परिचालक घायल को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। घटना से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल शुरू कर दी। सुबह करीब 10:30 बजे से 11:30 बजे तक देवरिया डिपो से कोई भी बस नहीं चली।
सूचना पर एआरएम कपिल देव प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त हुई और बस संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो सका। सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
