रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में शनिवार की शाम चोरी की कोशिश के दौरान एक युवक को पुजारी ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी युवक ने न सिर्फ पुजारी से उलझकर हंगामा किया, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक ग्रामीण पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब 5:20 बजे एक युवक मंदिर में चोरी करने की नीयत से घुसा। तभी मंदिर के पुजारी संजय तिवारी ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक अन्य युवक मौके पर पहुंचा और पुजारी से चोरी का विरोध न करने की बात कहते हुए उनसे उलझ गया। विरोध करने पर उसने पुजारी का कॉलर पकड़ लिया।

इसी बीच हरेलाल गुप्ता पुत्र जगत साह, निवासी सोहनपुर, जब मामले को शांत कराने पहुंचे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए फाइटर से उन पर हमला कर दिया। हमले में हरेलाल गुप्ता का सिर फट गया और नाक भी टूट गई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

इस संबंध में बनकटा थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।