उचकागांव (गोपालगंज)। थाना क्षेत्र के नवादा परसौनी गांव में गुरुवार की सुबह एक 19 वर्षीय अविवाहित युवती का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान नवादा परसौनी गांव निवासी शेख शहाबुद्दीन की पुत्री शमशीदा उर्फ सरला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, युवती बुधवार देर शाम घर से अचानक गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो स्वजन चिंतित हो गए। गुरुवार सुबह गांव के बीच चंवर स्थित बांसवार में शीशम के पेड़ से शव लटका देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। जांच के दौरान युवती के दोनों हाथों पर जख्म के निशान पाए गए, जबकि शव जमीन को छू रहा था। युवती के कपड़ों से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

ग्रामीणों व स्वजनों का कहना है कि युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अक्सर आत्महत्या की बात किया करती थी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या अथवा हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।