गोपालगंज। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेदुआ गांव में पैसे के विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बेदुआ गांव निवासी अजय सिंह का अपने ही पट्टीदार से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी बीच पैसे के लेनदेन को लेकर पड़ोस के कुछ लोगों ने अजय सिंह को घर से कुछ दूरी पर घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजय सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घायल अजय सिंह ने बताया कि कर्ज में दिए गए पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर कुचायकोट थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।