जिले के बैकुंठपुर प्रखंड स्थित डुमरिया घाट पर नारायणी नदी के तट पर नारायणी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री नारायण प्रसाद, बैकुंठपुर विधायक मिथलेश तिवारी, गोपालगंज विधायक सुभाष सिंह और जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान जिले की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। मंच से अतिथियों ने नारायणी महोत्सव को जिले की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यह आयोजन न सिर्फ स्थानीय कलाकारों को मंच देता है, बल्कि जिले के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करता है।

महोत्सव की मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुति में भोजपुरी जगत के लोकप्रिय गायक रितेश पांडेय ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उनके सुपरहिट गीतों पर हजारों दर्शक झूमते नजर आए। पूरा पंडाल संगीत, रोशनी और उत्साह से सराबोर रहा।

जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि नारायणी महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवाओं को कला और संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। वहीं मंत्री नारायण प्रसाद ने ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताया।

नारायणी महोत्सव 2026 का शुभारंभ जिले में उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कलाकार और आम नागरिक मौजूद रहे।