गोपालगंज: जिले में साइबर अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग मामलों में ठगों ने पुलिस पदाधिकारी और बैंक मैनेजर बनकर एक युवक और एक महिला से कुल एक लाख 79 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में पीड़ितों ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पहला मामला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शेख परसा गांव का है। यहां 23 दिसंबर 2025 को एक युवक के मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वालों ने खुद को पुलिस पदाधिकारी बताते हुए कहा कि युवक गूगल क्रोम पर अश्लील वीडियो देखता और शेयर करता है। उसे डराया गया कि वीडियो और फोर्स लेकर गिरफ्तारी के लिए आ रहे हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए पैसे की मांग की गई। इसके बाद साइबर बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल कर गूगल पे और फिर पेटीएम का स्कैनर भेजा। युवक ने कुल छह बार में 79 हजार 500 रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर युवक ने ऑनलाइन शिकायत की और साइबर थाने में आवेदन दिया। 13 जनवरी को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दूसरा मामला सिधवलिया थाना क्षेत्र के दंगसी गांव का है। यहां कलामुद्दीन अंसारी की पत्नी रेहाना खातून के पास फोन कर साइबर बदमाशों ने खुद को एसबीआई का बैंक मैनेजर बताया। ठगों ने कहा कि उनका खाता और एटीएम कार्ड बंद हो गया है और अपडेट कराना जरूरी है। इसके बाद खाते की जानकारी लेकर व्हाट्सएप पर स्कैनर भेजा गया। महिला ने तीन बार में एक लाख रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर थाने में आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस दोनों मामलों में साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है।
