गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। नालंदा जिले के शीतला मंदिर में हुई घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और गश्त को और तेज किया जाए। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर न केवल थावे दुर्गा मंदिर बल्कि जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जवानों को सतर्क किया गया है।
सोमवार को मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बाद प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था। वहीं, मंगलवार को नालंदा की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया।
प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिए गए हैं कि मंदिर में प्रवेश और निकास के दौरान श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से अंदर-बाहर किया जाए। इसके लिए एक-एक व्यक्ति को पूजा के बाद बाहर निकालने की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि इन सभी कदमों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण में दर्शन कराना है।
