गोपालगंज शहर के मारवाड़ी मोहल्ला वार्ड नंबर 16 में सुबह टहलने निकली एक महिला से चेन छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके, लेकिन छीना-झपटी के दौरान महिला घायल हो गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार अग्रवाल की पत्नी सोमवार सुबह करीब 5:44 बजे टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले उनकी रेकी की और जैसे ही महिला को अकेला पाया, गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, जिससे बदमाश सफल नहीं हो सके। हालांकि इस दौरान वह सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 22 फरवरी को सरेया वार्ड नंबर एक में इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक शिक्षिका से चेन छीन ली गई थी। पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह शामिल हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा
