गोपालगंज में निर्माणाधीन पुल गिरने से हड़कंप मच गया। सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में घोघारी नदी पर बन रहा आरसीसी पुल ढलाई के दौरान अचानक धाराशायी हो गया। करीब 2 करोड़ 89 लाख 21 हजार 281 रुपये की लागत से बन रहे इस पुल की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

वीओ : ये तस्वीरें सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव की हैं, जहां घोघारी नदी पर करीब 29 मीटर लंबा आरसीसी पुल बनाया जा रहा था। मोतिहारी की बापूधाम कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही ढलाई के दौरान स्लैब का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री और कमजोर सरिया का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से पुल का हिस्सा ढलाई के समय ही ध्वस्त हो गया। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।