पालगंज। विजयीपुर थाना क्षेत्र के बंधवरा घाट गांव में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बंधवरा घाट गांव निवासी आकाश कुमार का अपने पड़ोसियों से पानी बहाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पड़ोस के लोगों ने गाली-गलौच के बाद लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में आकाश कुमार, नेहा कुमारी और उनकी मां गायत्री देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घायल गायत्री देवी ने बताया कि उनके छत से पानी गिरने को लेकर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई। घटना के बाद परिजनों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
