पालगंज। शहर के थावे रोड स्थित एक मैरेज हाल में शुक्रवार को बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत पहुंचे राजनीतिक रणनीतिकार व जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को दो-दो लाख रुपये का लालच देकर सत्ता हासिल की है।
मीडिया से संवाद के दौरान प्रशांत किशोर ने जन सुराज संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देना और उसे जनता की वास्तविक आवाज बनाना है। उन्होंने बताया कि गोपालगंज सहित पूरे बिहार में कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर संगठन को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
हालिया चुनाव नतीजों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आज भी अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में यदि जनता बार-बार उसी सरकार को चुनती है, तो इन मुद्दों का समाधान कैसे संभव होगा। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा होकर उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाएगा और जनता को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे धैर्य, अनुशासन और मुद्दों पर आधारित राजनीति के साथ जनता के बीच जाएं। कार्यक्रम में जन सुराज के नेता राधारमण मिश्रा सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
