गोपालगंज। आगामी होली, रामनवमी सहित अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सदर एसडीओ अनिल कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर एसडीपीओ, सदर एसडीपीओ-2 सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पर्व-त्योहारों के समय विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर रखने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सदर एसडीओ अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सीसीए (क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट) और जिला बदर जैसी कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इधर, पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के आदेश पर सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूसों के मार्गों का सत्यापन कर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहने को कहा है। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
