गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाता टोला में पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना बुधवार की बताई जा रही है। महिला ने पहले अपने दोनों बेटों को कीटनाशक दवा खिलाई और उसके बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार शाहपुर हाता टोला निवासी भोला भगत की पत्नी लक्ष्मी देवी अपने चार वर्षीय पुत्र रिंकर कुमार और छह वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के साथ घर पर थी। इसी दौरान घरेलू विवाद को लेकर महिला और उसके पति के बीच कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि विवाद के दौरान पति ने घर खर्च देने से इंकार कर दिया, जिससे नाराज होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

आरोप है कि महिला ने अनाज में डालने वाली कीटनाशक दवा पहले अपने दोनों बेटों को खिला दी और बाद में खुद भी दवा खा ली। करीब आधे घंटे बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिन्होंने तुरंत तीनों को इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला और दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार मां और दोनों बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।