गोपालगंज जिले में बारात से लौट रहे एक युवक पर बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना उचकागांव और नगर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती शुकुलवा व दहीभात्ता गांव के समीप नहर के पास मंगलवार देर रात हुई। बदमाशों ने युवक की पिटाई कर दो मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव निवासी इशराफील अली एक शादी समारोह में बाराती बनकर गए थे। मंगलवार रात वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शुकुलवा और दहीभात्ता गांव के बीच नहर के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर युवक को घायल कर दिया और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन तथा पर्स छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
बुधवार को नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और उचकागांव थाना की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की। पुलिस ने पीड़ित को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है और बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
