गोपालगंज। फाइलेरिया उन्मूलन के तहत आगामी 10 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक चलने वाले सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान की सफलता को लेकर उचकागांव प्रखंड में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स (बीएलटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में हुई, जिसकी अध्यक्षता बीडीओ ने की।
बैठक में अभियान की रणनीति, अंतरविभागीय समन्वय, जनजागरूकता और शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जीविका बीपीएम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी डॉ. खाबर इमाम, बीएचएम मनोज कुमार तथा WHO, पिरामल और सिफार संस्था के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी विभागों ने मिलकर अभियान को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के बाद प्रखंड के 106 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि वे छात्रों और अभिभावकों को फाइलेरिया से बचाव, दवा के महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में कैसे जागरूक करें। डॉ. खाबर इमाम ने कहा कि शिक्षकों की भागीदारी से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अभियान का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक फाइलेरिया रोधी दवा पहुंचाना है। इसके लिए आशा, आंगनवाड़ी, जीविका और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
