गोपालगंज : शहर की मुख्य सड़कों पर फुटपाथी दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण व अव्यवस्थित ठेला संचालन के कारण लंबे समय से बाधित यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर परिषद के कई बार के अभियान के बाद भी स्थायी समाधान न मिलने पर प्रशासन ने अब फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में वेंडर जोन विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डीएम पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर सदर एसडीओ अनिल कुमार और सदर सीओ रजत कुमार बरनवाल ने संभावित स्थानों का निरीक्षण कर शहर में तीन प्रमुख जगहों को वेंडर जोन के लिए चिन्हित किया है, जिनमें हनुमानगढ़ी मोहल्ला, बंजारी मोड़ के समीप का इलाका और तुरकाहां पुल के पास का स्थान शामिल है। चुने गए स्थानों का चयन इस आधार पर किया गया है कि दुकानदारों को ग्राहकों की उपलब्धता बनी रहे और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति समाप्त हो सके।

प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य दुकानदारों को हटाना नहीं है, बल्कि उन्हें व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है जहां वे बिना बाधा व विवाद अपना कारोबार कर सकें। नगर परिषद द्वारा इन चिन्हित स्थानों पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा दुकानों के लिए निर्धारित जगह की तैयारी शुरू कर दी गई है। वेंडर जोन तैयार होने के बाद धीरे-धीरे मुख्य सड़कों से दुकानदारों को स्थानांतरित किया जाएगा और अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।

प्रशासन को उम्मीद है कि वेंडर जोन की स्थापना से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, सौंदर्य बढ़ाने और दुकानदारों व आम लोगों के बीच होने वाले विवादों में कमी लाने में मदद मिलेगी।