गोपालगंज : मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मधुसरेया गांव में रविवार को आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने एक दंपती पर लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में जख्मी गीता देवी और उनके पति संतोष कुमार को पहले पीएचसी मांझा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं।

जानकारी के मुताबिक, गीता देवी और संतोष कुमार घर में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान विवाद को लेकर पड़ोसियों ने गाली-गलौच करते हुए हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी दंपती को अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपती का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की पहचान में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।