गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड कार्यालय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। निगरानी विभाग की टीम ने राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को 65 सौ रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बरौली प्रखंड के बघेजी गांव निवासी शैलेन्द्र साह अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए लगातार राजस्व अधिकारी के कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि इस कार्य के लिए राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह ने उनसे 10 हजार रुपये की घूस की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने मामले की जांच की और पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। तय योजना के तहत जैसे ही राजस्व अधिकारी ने 65 सौ रुपये घूस के तौर पर लिए, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई है।
इस कार्रवाई के बाद बरौली प्रखंड कार्यालय समेत पूरे गोपालगंज जिले में प्रशासनिक महकमे में हड़कंप का माहौल है।
