गोपालगंज जिले में 10 दिसंबर 2025 को जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध 16 दिवसीय अभियान तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय कार्यक्रम के क्रम में बरौली प्रखंड के पी.एम. श्रीधर डी.पी. उच्च माध्यमिक विद्यालय माधोपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्प्रभाव और बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह मुक्त भारत, लैंगिक हिंसा से सुरक्षा, अधिकार एवं संरक्षण से जुड़े कानूनों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति बच्चों में समझ बढ़ाना था। विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि समय से पहले विवाह न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, बल्कि समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक कुणाल कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक सुबोधकांत सिंह, जेंडर विशेषज्ञ मुन्ना कुमार शर्मा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ओम प्रकाश ठाकुर और एम.टी.एस. अतुल कुमार उपस्थित रहे। लगभग 190 बच्चे-बच्चियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और जागरूकता से जुड़े संदेश प्राप्त किए।
