गोपालगंज। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) नई दिल्ली तथा बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर जिले में भूकंप परिदृश्य को लेकर महा मॉक ड्रिल (Mock Exercise) का आयोजन किया गया। आपदा प्रबंधन सचिव बिहार डॉ. चंद्रशेखर सिंह के आदेशानुसार आयोजित इस अभ्यास में जिला प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारी, राहत एवं बचाव दल तथा स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान जिले के पांच अलग-अलग स्थानों को चिन्हित कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। प्रत्येक स्थल पर अलग-अलग नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, ताकि आपदा की स्थिति में समन्वित कार्रवाई की प्रक्रिया का परीक्षण किया जा सके। इस दौरान उप विकास आयुक्त, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड जिला इकाई गोपालगंज के जिला संगठन आयुक्त रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मॉक ड्रिल में SDRF, NDRF, SSB, NCC, आपदा मित्र एवं अन्य स्वयंसेवी समूहों ने भी राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
इस अभ्यास में सदैव उच्च विद्यालय, एसएस बालिका उच्च विद्यालय, वीएम उच्च विद्यालय, सेमरा उच्च विद्यालय, नवादा परसौनी उच्च विद्यालय तथा डीएवी गोपालगंज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। स्काउट-गाइड रोवर एवं रेंजर के रूप में संदीप कुमार महतो, मनीष, आकाश कुमार ठाकुर, भूटान कुमार, श्रेया सिंह, सृष्टि कुमारी, अफ्रीना खातून, खुशबू कुमारी, कंचन लता और प्रीति कुमारी सहित कई विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप की काल्पनिक स्थिति तैयार कर घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा आम लोगों को जागरूक बनाना है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में स्काउट-गाइड रोवर और रेंजर के बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत बनाया जा सकेगा।
