गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओवरब्रिज के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला के शव के चिथड़े उड़ गए। मृतका की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के प्रदुमन छपरा गांव निवासी राम साहब पासवान की 40 वर्षीय पत्नी सोना देवी के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही महम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने महिला को कुचलकर फरार हो रहे ट्रक को जब्त कर लिया है तथा चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
बताया जा रहा है कि सोना देवी अपने गांव के जयराम प्रसाद सहित चार लोगों के साथ दो बाइक पर सवार होकर सीवान जिले के मलमलिया अपनी छोटी बेटी की शादी के लिए लड़का देखने जा रही थीं। इसी दौरान महम्मदपुर ओवरब्रिज के पास बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोना देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि जयराम प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल जयराम प्रसाद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि सोना देवी की दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी के लिए वह लड़का देखने जा रही थीं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
