गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी स्थित बब्लू पेट्रोलियम के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये में किशोरी की सौदेबाजी कर जबरन शादी के लिए राजस्थान ले जा रहे लोगों को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

मिली जानकारी के अनुसार, बेतिया जिले की रहने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर और पैसों का सौदा कर राजस्थान ले जाया जा रहा था। आरोप है कि किशोरी की शादी जबरन राजस्थान के एक व्यक्ति से तय कर दी गई थी। गोपालगंज पहुंचने पर किशोरी ने विरोध करना शुरू किया और शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया।

किशोरी की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि उसे जबरन राजस्थान ले जाया जा रहा था और उसके परिवार को बिचौलियों के माध्यम से रकम देकर यह सौदा किया गया था। विरोध करने पर उसे डराया और धमकाया भी गया।

स्थानीय निवासी प्रभु यादव ने बताया कि राजस्थान के पांच लोग एक लड़की को जबरन ले जा रहे थे, लेकिन लड़की लगातार विरोध कर रही थी। वहीं डायल 112 के एसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।