गोपालगंज में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने महिला आरक्षण बिल यानी नारी वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। शहर के सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित होने से रोकने का प्रयास कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति में सशक्त और प्रभावी भागीदारी दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसका उद्देश्य महिलाओं की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाना और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि यह कानून जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लागू होगा, इसलिए इसके क्रियान्वयन में कुछ समय लग सकता है।
उन्होंने विपक्षी दलों—कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित अन्य पार्टियों—पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं। भाजपा अब गांव-गांव जाकर महिलाओं को इस मुद्दे पर जागरूक करेगी।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने जानकारी दी कि 26 अप्रैल को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा शहर में विरोध मार्च और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, महामंत्री दीपक दीपू, उपाध्यक्ष राजेश साहनी, मीडिया प्रभारी रितेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने थावे दुर्गा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की। मंदिर के प्रधान पुजारी संजय पाण्डेय ने विधिवत पूजा कराई। मंत्री ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।
