गोपालगंज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों से सोमवार, 16 फरवरी 2026 को बिहार राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में स्वरोजगार के लिए 10 हजार रुपये की प्रथम किस्त की राशि का अंतरण किया गया।

इस योजना के अंतर्गत गोपालगंज जिले की 77,794 महिलाएं भी लाभान्वित हुई हैं। वहीं अब तक गोपालगंज जिले की कुल 3,68,425 महिलाएं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से लाभ प्राप्त कर चुकी हैं।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय में वेबकास्टिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने लाइव जुड़कर कार्यक्रम को देखा और सुना। इस अवसर पर समाहरणालय सभागार, गोपालगंज में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा, डीडीसी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने महिलाओं को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि योजना के तहत प्रथम किस्त से सफलतापूर्वक व्यवसाय स्थापित करने वाली महिलाओं को उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए आगे चलकर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी