गोपालगंज सम्राट अशोक भवन, गोपालगंज के सभागार में जिला उर्दू भाषा कोषांग, गोपालगंज के सौजन्य से जिला स्तरीय कार्यशाला सह फ़रोग़-ए-उर्दू सेमिनार एवं मुशायरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, गोपालगंज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता संदीप कुमार, दिलीप कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी नीलम मिश्रा, सहायक जिला आपदा पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग मोहम्मद साहब जान, कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी शशिकांत आर्य (वरीय कोषागार पदाधिकारी) सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने “उर्दू सिर्फ एक ज़ुबान नहीं, हमारी तहज़ीब और पहचान है” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। “उर्दू की तस्वीर और हमारा किरदार” विषय पर मोहम्मद मुबारक हुसैन, गुलाम सरवर हाशमी एवं प्रोफेसर कमर तबरेज ने अपने विचार रखे। वहीं “उर्दू हमारी साझी विरासत” विषय पर शाहिद इक़बाल, मेराजुद्दीन तशना एवं सफ़ीउल्लाह नदवी ने आलेख पाठ किया।

कार्यक्रम के दौरान वरीय कोषागार पदाधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने उर्दू ज़ुबान में अशआर भी प्रस्तुत किए। इसके पश्चात मुशायरा का सफल संचालन मेराजुद्दीन तशना द्वारा किया गया।

मुशायरे में झारखंड से पधारी रोशन हबीब रोशनी ने शेरो-शायरी की शुरुआत की। इसके बाद रूबी गुप्ता, सुनील कुमार तंग, तृप्ति रक्षा, सत्यमवदा शर्मा, कमरुज्जमा कमर, फ़हीम जोगापुरी, रज़ी अहमद फ़ैज़ी एवं मेराजुद्दीन तशना ने अपनी ग़ज़लों और कलाम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी एवं मोहम्मद साहब जान, प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग द्वारा किया गया।