गोपालगंज समाहरणालय सभा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त नियंत्रण रखना रहा। जिला पदाधिकारी ने सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण सजगता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए इसकी शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति में कदाचार को बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अभिभावकों एवं बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

ब्रीफिंग के दौरान यह भी कहा गया कि सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें। परीक्षा केंद्रों के बाहर अवांछित तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश भी दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं समय पर वितरण को सुनिश्चित करने की बात कही।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही समयपालन पर विशेष जोर देते हुए सभी केंद्रों पर परीक्षा का संचालन निर्धारित समयानुसार कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल परीक्षा आयोजित करना नहीं, बल्कि इसे निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।