गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में थाना चौक के पास बीती रात एक बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व पार्षद के बेटे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और सोने की चैन लूटकर फरार हो गए।

घटना में घायल युवक की पहचान वीएम फील्ड निवासी सुदामा गिरी के बेटे अनिल गिरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनिल गिरी देर रात पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह थाना चौक के पास पहुंचे, बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका और चैन छीनने का प्रयास किया।

अनिल गिरी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और चैन लूटकर फरार हो गए। घायल युवक ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गए।

डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *