गोपालगंज। शहर के अरार मोड़ के पास स्थित एक बंद पड़ी ट्रैक्टर एजेंसी में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा नगर थाना पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने चोरी में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। साथ ही तीन किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बंद एजेंसी में घुसकर आरोपियों ने बैटरी, कीमती पुर्जे, औजार और वायरिंग सामग्री सहित कई सामान चोरी किए थे। चोरी के बाद सभी आरोपी कबाड़ की दुकान में माल बेचने पहुंचे, जहां पुलिस ने छापेमारी कर तीन युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान राजा कुमार, रामएकबाल राम और बृजेश तिवारी के रूप में हुई है।

नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि एजेंसी मालिक विजय सिंह के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामान एजेंसी मालिक को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस अन्य शामिल आरोपियों की भी तलाश कर रही है।