गोपालगंज। जिले के माधोपुर बाजार में कथित पुलिसिया बर्बरता के विरोध में स्थानीय व्यवसायियों ने मंगलवार को अपना बाजार बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि थाना अध्यक्ष ने एक मोबाइल दुकानदार मिंटू कुमार के साथ मारपीट की और उसे बिना कारण हाजत में बंद कर दिया। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने सामूहिक रूप से बाजार बंद कर दिया और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विरोध की सूचना मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे व्यवसायियों से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद आक्रोशित व्यापारी शांत हुए और बाजार दोबारा खुल गया।

इस विरोध से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही और आम जनजीवन प्रभावित हुआ। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।