गोपालगंज: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की शनिवार को संवीक्षा की गई। इस प्रक्रिया में कुल 20 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए, जबकि 52 नामांकन स्वीकृत हुए हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि कल निर्धारित की गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे से संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालयों में नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। इस दौरान बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से दाखिल 9 नामांकन पत्र रद्द कर 7 को स्वीकृति दी गई। बरौली विधानसभा क्षेत्र में 8 नामांकन रद्द हुए, जबकि 10 स्वीकृत किए गए। कुचायकोट क्षेत्र में एक नामांकन रद्द हुआ और 7 को मंजूरी मिली।

वहीं, गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र से दाखिल सभी 12 नामांकन पत्र सही पाए गए और स्वीकृत किए गए। भोरे (सुरक्षित) सीट से एक नामांकन रद्द कर 6 स्वीकृत किए गए, जबकि हथुआ विधानसभा क्षेत्र से भी एक नामांकन रद्द और 10 स्वीकृत किए गए।

जिले में अब कुल 52 उम्मीदवार मैदान में बने हुए हैं। निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया कल तक चलेगी, जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।