गोपालगंज: स्वीप कोषांग के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत कुचायकोट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, करमैनी मुहब्बत में छात्राओं द्वारा पिंक बूथ संचालन की झांकी प्रस्तुत की गई। इस झांकी का उद्देश्य महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक और प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने चुनाव कर्मियों के कर्तव्यों और मतदान प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन करते हुए यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महिलाओं की भागीदारी आवश्यक है। छात्राओं ने बूथ प्रबंधन, मतदाता पंजीकरण और मतदान प्रक्रिया का शानदार मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गौतम राय सहित शिक्षक सरोज सिंह, बेबी कुमारी, तृप्ति गुप्ता, अमित यादव और मोहम्मद शमीम मौजूद रहे। प्रतिभागी छात्राओं पायल कुमारी, नताशा कुमारी, दुर्गा कुमारी, तृषा कुमारी और मोहिनी कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लोगों की प्रशंसा प्राप्त की।

प्रधानाचार्य ने बताया कि भविष्य में भी विद्यालय में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राएं और अभिभावक मतदान के महत्व को समझ सकें और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाएं।