गोपालगंज: जादोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर टेंगराही गांव के पास उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 लीटर अवैध शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान शराब तस्कर विभाग की टीम को देखते ही मौके से फरार हो गए। विभाग ने फरार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

उत्पाद निरीक्षक जर्नाधन प्रसाद ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नाव के जरिए शराब की खेप नदी के रास्ते उतारी जा रही है और तस्कर उसे आगे ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रामपुर टेंगराही गांव के पास नदी तट पर छापेमारी की, जहां से 194 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

वहीं, मौके से फरार हुए तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।