गोपालगंज। जिले के कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत विशंभरपुर स्थित राजापुर गंडक नदी के तट पर मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु घाट पर पहुंचे और गंडक नदी में स्नान कर दान–पुण्य करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।

सनातन परंपरा में मौनी अमावस्या का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन मौन रहकर स्नान और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। गोपालगंज के साथ-साथ पड़ोसी जिलों और सीमावर्ती उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।

स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस मौके पर विशंभरपुर में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां खिलौने, घरेलू सामान, श्रृंगार सामग्री, रसोई के बर्तन और फर्नीचर की दुकानों पर खूब भीड़ देखी गई। मेले में पारंपरिक मिठाइयों, चाट-पकौड़े और लिट्टी-चोखा का लोगों ने जमकर आनंद लिया।

भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस बल और वॉलिंटियर्स की तैनाती रही। नदी के गहरे पानी में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए बैरिकेडिंग की गई और मेले परिसर में लगातार निगरानी रखी गई।