गोपालगंज। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कमला राय कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले की सैकड़ों छात्राओं की उपस्थिति रही।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और डिजिटल शिक्षा से जुड़ने की सलाह दी।

डीएम ने कहा कि असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने बेटियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्राओं, महिला पुलिसकर्मियों और महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। डीएम के प्रेरणादायक संबोधन से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डीपीओ रंजना कुमार, सीडीपीओ संगीता कुमारी, नाजिया, प्रोफेसर अनुजा कुमारी सहित शिक्षक, छात्र और छात्राएं मौजूद रहीं।