गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के भीतभेरवा गांव में रास्ते और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दो महिलाओं समेत कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को परिजनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल स्थित मॉडल अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जाता है कि विवाद घर के पीछे छोड़ी गई जमीन को लेकर शुरू हुआ। पीड़ित मजरूल हक के अनुसार उनके घर के पीछे सहन और आने-जाने के रास्ते के लिए जमीन छोड़ी गई है, लेकिन पड़ोसी द्वारा जबरन वहां लकड़ी रख दी गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पीड़ित पक्ष के लोगों को लाठी-डंडे से पीटा गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके करकट नुमा मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

मारपीट की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार इस मामले में करीब दस लोगों के खिलाफ आवेदन प्राप्त हुआ है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया है।